भारत खबर। राजस्थान में किसानों को समय पर और पर्याप्त खाद मिल सके, इसके लिए कृषि विभाग ने कमर कस ली है। यूरिया और डीएपी खाद की कालाबाजारी रोकने के लिए अब राज्य की सीमाओं पर चेकपोस्ट बनाए जाएंगे। खासतौर पर यूपी, एमपी, गुजरात, हरियाणा और पंजाब से लगती सीमाओं के जिलों में इन चेकपोस्ट पर सख्त निगरानी होगी, ताकि खाद की अवैध ढुलाई रोकी जा सके।
अधिकारियों का कहना है कि अगर किसी विक्रेता के खिलाफ खाद वितरण में अनियमितता पाई गई, तो तुरंत कार्रवाई की जाएगी। हाल ही में कई इलाकों से खाद की किल्लत की खबरें आने के बाद सरकार ने यह कदम उठाया है, ताकि किसानों को समय पर खाद मिल सके।
कृषि विभाग के सचिव राजन विशाल और कृषि आयुक्त चिन्मयी गोपाल ने सभी जिलों में 1.85 लाख मीट्रिक टन यूरिया की 100% सप्लाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। विभाग का दावा है कि इस बार सप्लाई में कोई कमी नहीं रहेगी और किसान निश्चिंत होकर बुवाई कर पाएंगे।
अब सवाल यह है कि चेकपोस्ट और सख्त मॉनिटरिंग के बाद कालाबाजारी पर कितना असर पड़ेगा—ये तो आने वाले दिनों में साफ हो जाएगा, लेकिन किसानों के लिए यह खबर फिलहाल राहत भरी जरूर है।


Leave a Reply