चूरू में किसान सभा की बैठक, बीमा क्लेम और स्मार्ट मीटर पर आंदोलन की तैयारी करते किसान नेता"

Churu News: बीमा क्लेम और स्मार्ट मीटर पर किसानों का गुस्सा फूटा, 15 सितंबर को चूरू में होगा जोरदार प्रदर्शन!

भारत खबर | चूरू
चूरू में किसानों के हक की लड़ाई अब सड़कों पर उतरने वाली है। अखिल भारतीय किसान सभा जिला कमेटी ने मंगलवार को जिला मुख्यालय स्थित शिक्षक भवन में बैठक की, जिसमें किसानों की समस्याओं और हितों से जुड़े कई मुद्दों पर खुलकर चर्चा हुई। बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष इंद्राज सिंह ने की और तय किया गया कि 15 सितंबर को जिला मुख्यालय पर बीमा क्लेम और स्मार्ट मीटर के मुद्दे पर जोरदार प्रदर्शन किया जाएगा।

राज्य कमेटी सदस्य कॉमरेड निर्मल कुमार प्रजापत ने बैठक में बड़ा आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार और बीमा कंपनियों ने मिलकर किसानों के साथ धोखा किया है। उनके अनुसार खरीफ 2023 का बीमा क्लेम क्रॉप कटिंग के आधार पर 1100 करोड़ रुपये बनना चाहिए था, लेकिन सरकार ने सोमवार को केवल 410 करोड़ रुपये जारी किए।
उन्होंने यह भी कहा कि सरकार ने सेटेलाइट का सहारा लेकर किसानों को गुमराह किया है, जो पूरी तरह से अन्याय है।

जिला मंत्री उमराव सिंह ने बताया कि बीमा क्लेम, स्मार्ट मीटर और 765 केवी लाइन को लेकर किसान सभा का यह आंदोलन बड़ा होगा। उन्होंने कहा कि अनुशासनहीनता के चलते सुनील पुनिया को किसान सभा जिला कमेटी की प्राथमिक सदस्यता से बर्खास्त कर दिया गया है। साथ ही, संगठन की सदस्यता अभियान चलाने और हर गांव में ग्राम कमेटियां बनाने का भी निर्णय लिया गया।

बैठक में जिला उपाध्यक्ष कुमाराम जाखड़, विक्रम सोनी, काशीराम सारण, मदनलाल जाखड़, दीपाराम प्रजापत, रामकरण भांभू, रामकृष्ण छींपा, हरिराम टांडी, रामनिवास भैंसली, रामनिवास लांबा, चिमनाराम पांडर, पूर्णाराम, दाताराम भाकर, गौरीशंकर सिद्धमुख और बिरजूराम खीचड़ समेत कई किसान नेता मौजूद रहे।