भारत खबर | सरदारशहर
सरदारशहर के किसानों का सब्र आखिर टूट गया। बार-बार बिजली कटौती और कम वोल्टेज से परेशान होकर किसानों ने सोमवार शाम 220 केवी जीएसएस हालासर पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया। महावीर बेनीवाल के नेतृत्व में जुटे किसानों ने डिस्कॉम के खिलाफ जमकर नारे लगाए और चेतावनी दी कि अगर जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे सड़क जाम कर देंगे।
किसानों का कहना है कि इस समस्या को लेकर वे पहले भी कई बार प्रदर्शन कर चुके हैं। हर बार डिस्कॉम की ओर से “जल्द सुधार” का वादा किया जाता है, लेकिन हकीकत में अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
सिंचाई ठप, फसलें सूखने के कगार पर
किसानों ने बताया कि इस समय कपास और मूंगफली की फसलों को पानी की सख्त जरूरत है, लेकिन मुश्किल से 2-3 घंटे ही बिजली मिल रही है, वह भी कम वोल्टेज में। बीते डेढ़ हफ्ते से बारिश नहीं हुई, जिससे सिंचाई की जरूरत और बढ़ गई है।
प्रतिनिधिमंडल ने की एक्सईएन से बात
समस्या के समाधान को लेकर किसानों के प्रतिनिधिमंडल ने एक्सईएन पंकज कुमार से फोन पर बातचीत की। उन्होंने 2-3 दिन में समस्या दूर करने का आश्वासन दिया।
ढाणी मालासी के किसान होलासाराम दइया ने बताया कि हालासर 220 केवी जीएसएस से मालसर, मालकसर, लूणासर, बादड़िया और भानीपुरा सहित आसपास के गांवों के करीब 2500 कृषि कनेक्शन जुड़े हुए हैं। कनेक्शनों की अधिक संख्या के कारण यहां अक्सर वोल्टेज कम रहता है।
सड़क पर उतरने की चेतावनी
किसानों ने साफ कहा कि अगर इस बार भी समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो वे सड़क जाम कर प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।
इस मौके पर महावीर बेनीवाल, किशनलाल, ओमप्रकाश, दिलीप, निराणाराम, दयानंद, चेतराम, प्रहलाद, देवीलाल, शिशपाल, राजूराम, मंशाराम, श्यामलाल, ज्ञानीराम, रामनारायण, प्रभुराम, जगदीश बेनीवाल, जगदीश गोदारा, रामकरण सहित कई किसान मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें :

Leave a Reply